ज्ञानपुर ब्लॉक पर अभ्यर्थियों की लगी भीड़।
- फोटो : BHADOHI
गोपीगंज। ज्ञानपुर ब्लॉक कार्यालय परिसर में मंगलवार को सुरक्षा जवान और सुपरवाइजर की भर्ती के लिए आए सैकड़ो अभ्यर्थियों ने तिथि टालने पर हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह विवाद शांत कराया। वहीं दूसरी ओर विवाद और भीड़भाड़ के मद्देनजर अन्य ब्लॉकों पर होने वाले रोजगार शिविर को मुख्य विकास अधिकारी ने स्थगित कर दिया। एसआईएस इंडिया लिमिटेड कंपनी ने मुख्य विकास अधिकारी की अनुमति से जिले के सभी छह ब्लॉकों में शिविर लगाकर युवाओं को रोजगार देने का आश्वासन दिया था। औराई और अभोली ब्लॉक में आठ और नौ नवंबर को शिविर शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न भी हो गया। मंगलवार को ज्ञानपुर ब्लॉक में 200 से 300 अभ्यर्थी नौकरी के लिए पहुंच गए। अभ्यर्थियों की भीड़ देख कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी परेशान हो गए। भीड़ को देखकर कंपनी की ओर से किसी दूसरे दिन शिविर लगाने की बात कही गई। इसको लेकर अभ्यर्थी नाराज हो गए और रजिस्ट्रेशन शुल्क आदि की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने किसी तरीके से मामले को शांत कराया। पुलिस भर्ती अधिकारी धीरज कुमार सिंह और सूर्य प्रताप सिंह को कोतवाली लाकर पूछताछ की। विरोध जताने वालों में नीरज कुमार, अनुज निगम, सूरज सरोज, बसंतलाल गुप्ता, कुंवर यादव, जटाशंकर यादव, अर्जुन यादव आदि रहे। उधर, ज्ञानपुर ब्लॉक में अभ्यर्थियों का हंगामा देखकर प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। दोपहर बाद मुख्य विकास अधिकारी मनोज कुमार ने दूसरे ब्लॉकों में होने वाले शिविर को स्थगित कर दिया। उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिया कि कंपनी की ओर से कोई भी शिविर न लगाया जाए।