भदोही। एक ओर जहां विद्युत विभाग बिजली बिल वसूली और विद्युत चोरी के खिलाफ सघन अभियान चला रही है तो दूसरी ओर विद्युत आपूर्ति की बदहाली को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। शुक्रवार को दिन में 11 बजे गुल हुई बिजली शाम को 7 बजे बहाल हो सकी। पिछले एक सप्ताह से जिस प्रकार से बिजली आ-जा रही है उससे लोगों को विश्वास नहीं कि रात में बिजली मिल सकेगी।
शुक्रवार को लगभग 8 घंटे तक बिजली गुल रही। सुबह मामूली बारिश के बाद कड़ी धूप निकलने से उमस और गर्मी में एकाएक इजाफा हो गया जो लोगों के बर्दाश्त करने लायक नहीं था। बिन बिजली लोग बेचैन हो उठे। एक जगह बैठा नहीं जा रहा था। घरों में महिलाओं का बुरा हाल हो गया। लोग बिजली को तकते रहे लेकिन बिजली आते आते शाम के 7 बजे। लोगों ने बताया कि शाम 7 बजे बिजली आई जरूर लेकिन हर दस मिनट पर ट्रिपिंग होती रही। इससे लोग आजिज आ गए।
उधर विभागीय अधिकारियों के अनुसार लोगों को भारी राहत मिलने वाली है। सिविल लाईन स्थित विद्युत उपकेंद्र के टाऊन फीडर की ट्यूनिंग की जा रही थी। इसमें वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी लगे थे। सुबह से लेकर शाम तक काम चला। एक्सईएन राम कुमार ने बताया कि टाऊन फीडर को व्यवस्थित किया जा रहा था। कहा कि संभव है कि टाऊन फीडर के उपभोक्ताओं की ट्रिपिंग की समस्या खत्म हो जाए।