जिले के 9,500 किसानों का कृषक निशुल्क बिजली योजना के तहत बिजली बिल माफ होगा। शासन स्तर से निर्णय होने के बाद बिजली विभाग ऐसे किसानों के बकाया राशि की सूची तैयार कराने में जुट गया है। ज्ञानपुर और भदोही विद्युत वितरण खंड से सूची तैयार होने पर उसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। इसमें अप्रैल 2023 से किसानों का बिल माफ होगा। विभाग का अनुमान है कि करीब आठ से 10 करोड़ रुपये की बिल माफ होगी।
जिले में भदोही और ज्ञानपुर डिविजन हैं। इनमें 2,26,000 उपभोक्ता हैं। शहर एवं ग्रामीण अंचलो में करीब 25 उपकेंद्रों और 70 से अधिक फीडरों के माध्यम से आपूर्ति की जाती है। किसानों को समृद्ध बनाने के लिए कृषि, सिंचाई, लघु सिंचाई विभाग की तरफ से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसमें अनुदानित बीज से लेकर ट्रैक्टर, उपकरण आदि दिए जाते हैं। इसमें छोटे और बड़े निजी नलकूप भी अनुदान के माध्यम से किसानों के यहां लगाए गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को निजी नलकूप का बिजली बिल माफ करने की घोषणा की। इसके दायरे में जिले के 9,500 किसान आएंगे। अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि मार्च 2023 के बाद का बकाया बिल माफ होगी। इसमें करीब साढ़े नौ हजार किसानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि भदोही और ज्ञानपुर डिविजन से बकाये की लिस्ट तैयार करने के लिए कहा गया है।
किसानों के हित में है सरकार का निर्णय
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मल्लूराम बिंद ने प्रदेश सरकार के निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कदम से किसानों को फायदा मिलेगा, हालांकि किसानों के सभी बिजली बिल माफ करने की भी मांग की। महंगाई के कारण किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।