ज्ञानपुर। कालीन नगरी में कोरोना संक्रमण के बढ़ते दायरे के बीच रविवार को राहत भरी खबर सामने आई। मिर्जापुर कोविड एल-1 अस्पताल में क्वांरटीन भदोही जिले के आठ मरीजों को उनकी क्वारंटीन अवधि पूरी होने के बाद रविवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। दूसरी ओर सौ लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
भदोही जिले में कोरोना संक्रमण का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। शनिवार तक जिले में 73 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि रविवार को शाम तक एक भी पॉजिटिव मरीज सामने नहीं आया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह के मुताबिक रविवार को मंडलीय क्वारंटीन सेंटर से आठ मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। इनमें औराई ब्लॉक के चार, भदोही के दो और अभोली एवं डीघ ब्लॉक के एक-एक पॉजिटिव मरीज शामिल हैं। जबकि आठ लोग पहले ही डिस्चार्ज हो चुके हैं। अब तक 2090 लोगों के स्वैब जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इनमें से 1465 की जांच रिपोर्ट मिल चुकी है। 625 रिपोर्ट लंबित हैं। 68 स्वैब ऐसे हैं, जिनकी रिपोर्ट तीन दिन से अधिक समय से लंबित पड़ी है। उनका इंतजार है। रविवार को सौ सैंपल और जांच के लिए भेजे गए। प्राथमिक जांच में लक्षण मिलने पर संदिग्ध मानते हुए विभाग ने उन्हें भेजा।