ज्ञानपुर। कोरोना संक्रमण का दौर बदस्तूर जारी है। प्रतिदिन कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर बृहस्पतिवार को आठ नए कोरोना मरीज और जुड़ गए। जोरईं निवासी एक वृद्ध की मौत के बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे मृतकों की संख्या अब 24 पहुंच गई है। जिले में कुल कोरोना मरीजों की तादाद बढ़कर 1786 पहुंच गई है। दो मरीज दूसरे जिलों के भी मिले हैं, जिन्होंने भदोही में जांच कराई थी। हालांकि उनकी गिनती उनके अपने जिले में होगी।
कोविड-19 को लेकर तमाम गाइडलाइन धरातल पर बेअसर साबित हो रही हैं। सब्जी मंडी से लेकर बैंक, जन सेवा केंद्र, बाजारों में सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। इससे संक्रमितों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट में आठ जिले के जबकि दो मरीज जौनपुर के शामिल रहे। इसमें डीघ के कलिकमवैया गांव में वृद्ध, अमवां में अधेड़, मूंसी में अधेड़, ज्ञानपुर के वार्ड चार में अधेड़ महिला, जोरईं में एक महिला, बिहियापुर में युवक और गोड़ापार में अधेड़ शामिल है। इसी तरह जौनपुर के जंघई का युवक और कूसा निगोह का एक युवक संक्रमित मिला। दोनों ने जिले में अपनी जांच कराई थी। जोरईं निवासी एक वृद्ध की बुधवार को मौत हो गई थी। कोविड जांच बृहस्पतिवार को पॉजिटिव आई। ऐसे में वृद्ध के संपर्क में आने वाले लोगों की धड़कने बढ़ गई है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमितों को आइसोलेशन की सुविधा दी जा रही है। अधिकतर संक्रमित होम आइसोलेशन में रहते हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमित मरीजों के सापेक्ष एक्टिव की संख्या मात्र 128 है।