कालीन नगरी में आक्सीजन प्लांट लगाने की कवायद शुरू हो गई है। सीएसआर फंड से सुरियावां सीएचसी में प्लांट लगाने के लिए मशीनें रविवार को पहुंच गईं। जल्द ही प्लांट के शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। कोरोना की संभावित तीसरी लहर आने से पूर्व स्वास्थ्य विभाग की ओर से युद्ध स्तर पर तैयारी की जा रही है। कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित होने वाले मरीजों को आक्सीजन की जरूरत पड़ी। उस समय आक्सीजन न मिलने से बड़ी संख्या में संक्रमितों की मौत हो गई। जिसको देखते हुए शासन संग विभिन्न संगठनों की ओर से आक्सीजन प्लांट स्थापित करने के लिए पहल की गई। कोरोना की संभावित तीसरी लहर आने से पूर्व जिले में चार आक्सीजन प्लांट स्थापित करने का मसौदा तैयार किया गया। इसमें एक पीएम केयर फंड, एक सांसद-विधायक निधि, एक कालीन निर्यातक और एक शुगर मिल की ओर से स्थापित हो रहा है। रविवार को प्लांट स्थापना की मुहिम आगे बढ़ गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरियावां में सीएसआर फंड से बनने वाले प्लांट के उपकरण और जरूरी मशीनें पहुंच गईं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की देखरेख में उपकरण को रखवाया गया। सीएमओ डा. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर में किसी को दिक्कत न हो इसके लिए तैयारी चल रही है। सुरियावां के बाद महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल भदोही, जिला अस्पताल ज्ञानपुर, सीएचसी औराई में प्लांट स्थापित होंगे। जल्द ही उनके लिए भी मशीनें आ जाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताया कि अगस्त-सितंबर से पूर्व ही सुरियावां का प्लांट शुरू हो जाएगा।