ज्ञानपुर। औराई के घोसिया में स्थित सेंट जोंस स्कूल के शौचालय में तीसरी कक्षा की बच्ची के झुलसने की घटना की जांच करने बृहस्पतिवार को न्यायपीठ बाल कल्याण समिति की टीम स्कूल पहुंची। टीम ने इस दौरान बच्चों और स्कूल स्टॉफ से बातचीत की। टीम में स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर तैयारियां देखीं।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 12 बजे सेंट जांस स्कूल पहुंची। किन परिस्थितियों में बालिका स्कूल के शौचालय में जली, इसकी गहनता से जांच की गई। राष्टीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्धारित मानकों की जांच की गई। कुछ खामियां मिलीं, जिसे दुरुस्त करने का निर्देश स्कूल संचालक को दिया गया। टीम ने स्कूल प्रबंधक संग पीड़ित बालिका के अभिभावक से भी बात की। कहा कि कोई दिक्कत हो तो वह पीठ से बात कर सकते हैं। बताते चलें कि गत मंगलवार को तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली श्रेयांशी बरनवाल ने स्कूल के शौचालय में जाकर खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दिया था। इससे वह झुलस गई थी। न्यायपीठ के अध्यक्ष डॉ. अनिल श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रा ने आग क्यों लगाया, यह जांच पुलिस की टीम कर रही है। सीडब्ल्यूसी अपनी जांच रिपोर्ट आयोग को भेजेगी। इस मौके पर पीठ के सदस्य दीपक कुमार रावत, मीना गुप्ता, अर्चना सिंह आदि शामिल रही।