डायट पर एजुकेटर के अभिलेखों का सत्यापन करती टीम। संवाद
ज्ञानपुर। जिला शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में बृहस्पतिवार से ईसीसीई एजुकेटर के चयन के लिए अभिलेखों का सत्यापन शुरू हो गया। पहले दिन काउंसिलिंग को लेकर गहमागहमी का माहौल रहा। 70 सीटों के लिए 1650 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। रेंडमाइजेशन के माध्यम से 210 की सूची तैयार की है। जिले में को-लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों के बेहतर संचालन के लिए अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन एजुकेटर (ईसीसीई) रखे जा रहे हैं। इनका मुख्य कार्य बाल वाटिका संचालन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद करना और बुनियादी शिक्षा को मजबूत करना होता है। इसके लिए जिले में 70 पद हैं। जिसके लिए 1650 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। रेंडमाइजेशन से सूची फाइनल होने पर बृहस्पतिवार से अभिलेखों का सत्यापन शुरू किया गया। डीसी सामुदायिक नवीन मिश्रा संग कर्मचारियों की टीम ने डायट परिसर में सुबह 10 बजे से ही अभिलेखों का सत्यापन किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि रैंडमाइजेशन के बाद सूची में आने वाले अभ्यर्थियों को फोन कर बुलाया गया है। सत्यापन के बाद उनका साक्षात्कार कर चयन होगा।