ज्ञानपुर। पूर्वोत्तर रेलवे के मंडुआडीह-प्रयागराज रूट पर दोहरीकरण कार्य के चलते मंगलवार को ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन का पूर्वी केड़वरिया फाटक बंद रहा। सुरक्षा की दृष्टि से जीआरपी, आरपीएफ के साथ सिविल पुलिस तैनात रही। सुबह लगभग 10 से रात आठ बजे तक फाटक बंद होने के कारण आम यात्रियों के साथ श्मशान घाट रामपुर पहुंचने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पैदल और साइकिल सवारों ने किसी तरह रेलवे ट्रैक पार किया, लेकिन शव लेकर आने वाले वाहन, बाइक, ट्रैक्टर आदि वाहनों को तीन किलोमीटर पश्चिमी छोर स्थित आनापुर फाटक से अतिरिक्त चक्कर काटकर राजमार्ग और घाट तक पहुंचने में पसीना छोड़ना पड़ा। कार्यभार देख रहे रेल विकास निगम के सीपी सिंह ने बताया कि दो दिन पहले ही फाटक को बंद रखने की सूचना दी गई थी। स्टेशन अधीक्षक एमके सिंह कहा कि दोहरीकरण कार्य के कारण ट्रेनों के संचालन में किसी तरह की कोई रुकावट नहीं थी, लेकिन फाटक बंद होने से आम यात्रियों, वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी है। कार्य पूर्ण होने पर इस तरह की कोई दिक्कत नहीं आएगी।