ज्ञानपुर। मौसम के बदले मिजाज ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। बृहस्पतिवार दोपहर बाद मौसम ने फिर पलटी मारी है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 अप्रैल तक बूंदाबांदी हो सकती है। बारिश की संभावना के बीच किसान गेहूं की मड़ाई कार्य को तेज कर दिया है। बादलों की दस्तक ने किसानों की धड़कन बढ़ा दी है। एक सप्ताह पूर्व जिले में हुई बारिश से मड़ाई का कार्य ठप हो गया था। चार दिनों से तेज धूप और गर्म मौसम से गेहूं की फसल की मड़ाई शुरू हुई लेकिन एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला है। सुबह से दोपहर तक जहां धूप खिली रही वहीं दोपहर बाद तीन से चार बजे तक आसमान में बादलों ने दस्तक दे दी। इससे मड़ाई कार्य में जुटे किसान चिंतित हो गए। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि मौसम विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी के पूर्वानुमान के अनुसार 17 से 18 अप्रैल तक बादलों की आवाजाही के रूप में देखा जाएगा। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और झारखंड में सक्रिय हुए प्री मानसून के कारण यह स्थिति बन रही है। बादलयुक्त मौसम के साथ 17 अप्रैल को पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है। जिससे जिले में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी के आसार हैं। उप निदेशक कृषि अरविंद सिंह ने बताया कि बूंदाबांदी से कोई खास प्रभाव फसल पर नहीं पड़ेगा हालांकि मड़ाई का काम बाधित हो जाएगा। बताते चलें कि जिले में 50 हजार हेक्टेयर में गेहूं की बुआई की गई है। होली के बाद से ही गेहूं की कटाई और मड़ाई शुरू है, लेकिन अब तक 50 फीसदी भी मड़ाई नहीं हो सकी है।