ज्ञानपुर। गांव की सरकार चुनने के लिए बृहस्पतिवार को दिव्यांग और बुजुर्ग भी उत्साहित दिखे। बूथों पर 80 से लेकर 100 साल तक के बुजुर्ग मतदाता परिवार वालों संग पहुंचे। बुजुर्ग मतदाता बहुमूल्य वोट डालने के बाद प्रसन्न दिखे। मतदान केंद्रों पर 80 वर्ष से लेकर उम्र का शतक पार कर चुके बुजुर्गों ने भी जमकर इस महापर्व में हिस्सा लिया। उम्र की सदी पार करने वाली कुछ बुजुर्ग महिलाओं में वोट देने के लिए जोश देखते ही बनता था। प्राथमिक विद्यालय धनापुर उत्तरी के बूथ संख्या 183 पर 99 वर्षीय जयपत्ती देवी मतदान करने के लिए पहुंची। रैपुरी मतदान केंद्र पर दिव्यांग कमलेश ने भी वोट डालकर खुशी जताई। सुरियावां के अर्जुनपुर में उम्र का शतक पार कर चुकी 102 वर्षीय हरीप्यारी ने अपने परिवार के साथ मतदान स्थल पर पहुंचकर वोट किया। औराई के माधोरामपुर में 105 वर्षीय दिनेश दत्त पाठक को परिवार वाले गोद में उठाकर मतदान केंद्र पहुंचे। जहां मतदान के बाद वह काफी खुश दिखे। उन्होंने कहा कि जिंदगी के अंतिम पड़ाव में मतदान कर काफी खुशी मिली। चौरी के कंधिया बूथ पर दिव्यांग आदित्य नारायण मिश्र ने मतदान किया।