ज्ञानपुर। अमर उजाला की पड़ताल के बाद सोमवार को जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) दफ्तर का नजारा बदला-बदला दिखा। 10 बजे तक आने वाले कर्मचारी सुबह नौ बजकर 10 मिनट पर ही दफ्तर पहुंच गए। हालांकि कांशीराम आवास सुरियावां की जांच के चलते पीओ डूडा अफसरों संग वहां गई थीं।
सोमवार को सुबह नौ बजे अमर उजाला की टीम डूडा कार्यालय पहुंची। करीब नौ बजकर 10 मिनट पर चतुर्थ श्रेेणी कर्मचारी मुरली दूबे ने कार्यालय खोला। साफ-सफाई करते-करते वहां लिपिक ओमकार तिवारी, कर्मचारी हरिशंकर, चेतन यादव भी पहुंच गए। चंद मिनट बाद आटसोर्सिंग संस्था के माध्यम से काम करने वाले डीसी मुकेश साहनी, शिवलाल और ज्ञानेश्वर भी कार्यालय आ गए। आम लोगों की समस्या सुनने के लिए चेतन चौहान को जिम्मेदारी दी गई थी। पीओ डूडा ऊबषा त्रिपाठी ने कहा कि सुरियावां में मान्यवर कांशीराम आवास की जांच के लिए सोनभद्र से कुछ अधिकारी आए थे। उनके साथ वहां जाना पड़ा, जिससे वह कार्यालय नहीं पहुंच सकीं। उन्होंने बताया कि आम जन की समस्या प्राथमिकता से निस्तारित की जाती है।