ज्ञानुपर। शुक्रवार की रात आंधी संग बूंदाबांदी से कहीं तापमान में तो थोड़ी गिरावट हो गई थी, लेकिन बिजली कटौती के कारण लोगों को रातभर परेशान होना पड़ा। कुछ स्थानों पर टीन शेड उड़ने की भी सूचनाएं आईं। आंधी के कारण रात में ही आम बीनने के लिए लोग बगीचा में पहुंच गए। आंधी के चलते आम को नुकसान हुआ है। मौसम विभाग के सर्वेश बरनवाल ने बताया कि रविवार को बारिश होने की उम्मीद है। हल्के बादलों का प्रभाव दिख सकता है, साथ ही बिजली चमकने और आंधी की स्थिति बन सकती और उसके बाद बूंदाबांदी होने की संभावना है। तेज धूप भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा की गति 15 किमी प्रति घंटे रही। यह बूंदाबांदी सब्जी फसल के लिए फायदेमंद है। मोढ़ रेलवे स्टेशन के दक्षिण और ज्ञानपुर के उत्तर की ओर यानी मध्य में अन्य जगह की अपेक्षा तेज बारिश हुई है। आज तेज बारिश हुई तो सब्जी के किसानों को नुकसान हो सकता है। मौसम ठंडा होने के कारण अस्पताल में मरीजों की संख्या अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही।