गोपीगंज के गिराई में राजमार्ग पर टक्कर के बाद खड़े ट्रक।
- फोटो : BHADOHI
लालानगर/गोपीगंज। प्रयागराज-वाराणसी राजमार्ग पर गोपीगंज में थाने से महज सौ कदम की दूरी पर दो ट्रकों में सीधी टक्कर हो गई। इसमें दोनों वाहनों के चालक घायल हो गए और ट्रकों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। थाने के पास हुए इस हादसे के बाद राजमार्ग पर जाम लग गया। लगभग एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाया।
ट्रकों की भिड़ंत में चालक शादाब (30) पुत्र राशिद निवासी मानठेर-मुरादाबाद केबिन में फंस गया। चालक को निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी मंगानी पड़ी। गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। एफसीआई गोदाम मिर्जापुर से अनाज लादकर एक ट्रक जैसे ही तौल कराने के लिए गिराई धर्मकांटा की ओर मुड़ा, प्रयागराज से वाराणसी की ओर जा रहे ट्रक से टक्कर हो गई और दोनों ट्रकों के चालक घायल हो गए। वाराणसी जा रहा ट्रक चालक शादाब लहूलहान होकर केबिन में ही फंस गया। तब तक अनाज लदे ट्रक का चालक कम चोट लगने के कारण वहां से हट-बढ़ गया। टक्कर के बाद राजमार्ग के उत्तरी लेन पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इससे लगभग आधे घंटे तक जाम झेलना पड़ा। सूचना के आधे घंटे बाद पहुंची पुलिस ने केबिन में फंसे चालक शादाब को बाहर निकलवाकर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां हालत में सुधार न देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। क्रेन मंगाकर पुलिस ने एक ट्रक को हटाने पर ही जाम से मुक्ति मिल सकी।
ट्रक चालकों की चोरी रोकने के लिए होती है दूसरी तौल
ज्ञानपुर। एफसीआई गोदाम मिर्जापुर से पहली तौल कराकर हाट गोदामों पर आने वाले ट्रक चालकों की चोरी रोकने के लिए ही दूसरी तौल की अनिवार्यता की गई है। यही कारण है कि सप्ताहभर पूर्व से गिराई धर्मकांटा के आसपास दर्जन भर से अधिक अनाज लदे ट्रकों की कतार लगी रहती है। रोड पर ट्रकों की भीड़ भी घटना की वजह बनी। मार्केटिंग इंस्पेक्टर एसके पांडेय ने कहा कि जिले में राजकीय धर्मकांटा न होने के कारण निजी धर्मकांटा संचालकों के यहां ट्रक चालक लाइन लगाए रहते हैं। हाट गोदामों पर तब तक अनाज नहीं उतरता, जब तक ट्रक चालक दूसरी तौल की रसीद नहीं देते और जगह मिलने पर ही गोदाम पर आने की अनुमति रहती है। पूर्व के दिनों में कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं कि मिर्जापुर से अनाज लादकर आते समय ट्रक चालक बीच रास्ते में बोरियों की हेराफेरी कर दिए।