चौरी। भदोही-वाराणसी मार्ग पर सबसे बड़े चौरी बाजार में पेयजल व्यवस्था चरमरा गई है। नौ हैंडपंप में मात्र तीन ही पानी दे रहे हैं। इससे व्यापारियों और राहगीरों को पानी के लिए काफी परेशान होना पड़ रहा है। चौरी बाजार पांच ग्राम पंचायतों से जुड़ा है। चकभुईधर, चौरीखास, कोल्हड़, जमुवा, माधोरामपुर ग्रामसभा के हिस्से में आता है। इन गांव में लगे हैडपंप खराब हैं। बाजार के मुख्य तिराहा के पास दो स्टेशन रोड पर तीन, जबकि मेन रोड पर तीन हैडपंप खराब हैं। इन दिनों शादी विवाह का दौर चल रहा है और बाजार में सुबह से लेकर शाम तक भीड़ खरीदारी के लिए आती है, लेकिन पानी के लिए बाजार में आने वाले ग्रामीणों को इस भीषण गर्मी में दर-दर भटकना पड़ता है। व्यापारी आशीष दुबे, अनिल चौरसिया, अभिषेक जायसवाल, मनोज सिंह ने बताया कि मेन रोड पर दो और स्टेशन रोड पर मात्र एक हैडपंप चल रहे हैं, जबकि आधा दर्जन से अधिक खराब हैडपंपों को ठीक नहीं किया जा रहा है।