होली नजदीक है। ऐसे में बाजार में चहल पहल बढ़ गई है। बच्चों एवं युवाओं का उत्साह बढ़ाने के लिए दूकानदारों ने पूरी तैयारी कर रखी है।
बच्चों के लोकप्रिय कार्टून कैरेक्टर छोटा भीम, डोरेमान की तस्वीर लगी पिचकारियां हैं तो युवाओं के लिए उनके पसंदीदा कैरेक्टर में मोदी, मुलायम से लेकर शाहरुख, सलमान, ऋतिक के मुखौटे भी मौजूद हैं।
बैटरी चालित पिस्टल शेप में पिचकारी भी बाजार में उपलब्ध है, जिसमें रंग भर देने पर बटन दबाते ही रंगों की फायरिंग होने लगती है।
स्थानीय दूकानदारों का कहना है कि होली पर खासकर बच्चों की पसंद को ध्यान में रखते हुए कार्टून, राजनीतिक एवं फिल्मी दुनिया के कैरेक्टर में पिचकारियां एवं मुखौटे उपलब्ध कराए गए हैं।
बच्चे खासतौर पर पिचकारी से खेलना पसंद करते हैं ऐसे में उनको आकर्षित करने के लिए पसंदीदा कार्टून छोटा भीम और डोरेमान की तस्वीर लगी पिचकारियां भी मंगाई गई है।
इसके अलावा इन दिनों देश की राजनीति में नरेंद्र मोदी तथा फिल्मी दूनिया में अमिताभ, सलमान, शाहरुख के मुखौटे भी मंगाए गए हैं, जिसे होली के दिन युवा पहनकर रंग और गुलाल का आनंद लेते हैं।
शीतल पाल तिराहा स्थित दूकानदार तारा शंकर का कहना है कि होली को लेकर विशेष तैयारी है। चाइनीज पिचकारी की लंबी फेहरिश्त उपलब्ध कराई गई है।
पिचकारियों की कीमत 10 रुपये से शुरू होकर 750 रुपये तक में है। इसमें चाइनीज हाइटेक पिचकारियां 150 रुपये से 750 रुपये तक में बिक रही है।