ज्ञानपुर। नगर के भदोही-गोपीगंज मार्ग पर एक जनवरी की रात चिकित्सक के घर चोरी के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया। बुधवार की रात पुलिस ने सिंहपुर नहर पुलिया के पास से चोर को तमंचा-कारतूस संग गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर काशीराम आवास में रखे छह लाख से अधिक के आभूषण को बरामद किया। चोरी करने वाला आरोपी चिकित्सक के वाहन का चालक ही निकला।
ज्ञानपुर नगर निवासी चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव के घर का ताला तोड़कर एक जनवरी की रात चोरों ने करीब सात लाख के आभूषण, चांदी के मुकुट, बर्तन आदि उठा ले गए। इसकी कीमत छह लाख के करीब बताई गई। थानाध्यक्ष ज्ञानपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने धरातलीय और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य संकलित करते हुए सिंहपुर नहर पुलिया के पास से मनीष सोनी, निवासी काशीराम, आवास कंसापुर और स्थायी पता बरेठा चुनार, मिर्जापुर को एक अदद अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस टीम में थाना प्रभारी अविनाश प्रकाश राय, उप निरीक्षक बृजेश राय आदि शामिल रहे।