-राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के दिन आयोजित चिकित्सक सम्मान समारोह में बोले सांसद
संवाद न्यूज एजेंसी
भदोही। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के दिन भारतीय जनता पार्टी की ओर से रविवार को नई बाजार में डॉ. मेवालाल अहाता में चिकित्सक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। चिकित्सक व सांसद डॉ. विनोद बिन्द समेत कई चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
सांसद ने कहा कि चिकित्सक भगवान का रूप होता है। कोई भी चिकित्सक हो वह किसी की जान नहीं ले सकता। चिकित्सक समाज का सम्मान करे और समाज चिकित्सक का सम्मान करे यही आज की आवश्यकता है। सांसद ने कहा स्वास्थ्य सेवाएं एक चिकित्सक के माध्यम से ही अंतिम पायदान के व्यक्ति तक पहुंच सकता है। इसके लिए जरूरी है कि समाज और चिकित्सक के बीच सामंजस्य बना रहे। उन्होंने आश्वस्त किया कि संसदीय क्षेत्र की चिकित्सा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हर कदम उठाए जा रहे हैं। जिसका असर शीघ्र ही लोगों को दिखने लगेगा।
विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी विशाल सिंह ने कहा कि जनपद को जिले के चिकित्सकों पर गर्व है। डीएम ने सांसद को सम्मानित किया। वहीं सांसद के साथ औराई विधायक दीनानाथ भाष्कर और पूर्व विधायक रवींद्र नाथ त्रिपाठी ने नगर के डॉ. पीयूष कुमार जायसवाल, डॉ. सौम्या ओझा, डॉ. अश्विनी कुमार मौर्य आदि को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने की। नईबाजार नगर पंचायत अध्यक्ष पति लालता सोनकर, ज्ञानपुर पंचायत अध्यक्ष घनश्याम दास गुप्ता, अशोक जयसवाल, दिलीप गुप्ता, रवींद्र दुबे, पप्पू तिवारी, प्रियंका जायसवाल, राजीव मोदनवाल, पूर्व ब्लाक प्रमुख पूनम मौर्य, विमल जायसवाल, राजकुमार गुप्ता, सत्यप्रकाश बिन्द आदि मौजूद रहे।