जिला स्टेडियम में क्रिकेट मैच जीतने के बाद डीएम एकादश की टीम और जिलाधिकारी और एसपी। संवाद
- फोटो : BHADOHI
जिला स्टेडियम मूसीलाटपुर में रविवार को जनपद के खिलाड़ियो को प्रोत्साहित करने के लिए डीएम गौरांग राठी एकादश और एसपी डॉ.अनिल कुमार एकादश के बीच क्रिकेट मैच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में डीएम ने अंतिम बाल पर चौका लगाकर अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया।
निर्धारित 20 ओवर के मैच में डीएम एकादश ने टॉस जीत कर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। एसपी एकादश ने निर्धारित 20 ओवर में 124 रन का लक्ष्य रखा। विशाल यादव 33, विराट 20 और खुद एसपी डॉ.अनिल कुमार ने 15 रन बनाए। जवाब में डीएम एकादश विकेट खोने से दबाव में आ गई। अंतिम गेद पर तीन रन की जरूरत थी। जब डीएम गौरांग राठी ने चौका मार कर लक्ष्य पूरा कराया। डीएम ने 52 रन, राजवीर यादव 23 रन बनाए। डीएम एकादश के अभिषेक ने 4, शनी, ऋतिक व जिला क्रीडा अधिकारी सिराजुद्दीन ने 2-2 विकेट लिए। एसपी एकादश के लिए एसपी व हरिभजन ने 2-2 विकेट तथा आदिल व विराट ने 1-1 विकेट लिए।
मैच समाप्ति के बाद डीएम ने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाएं आगे आएं इसके लिए जिला प्रशासन संकल्पित है। एसपी ने कहा कि युवा प्रतिभाओं के उत्साहवर्धन के लिए हम हमेशा आपके साथ हैं। जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव खालिद अंसारी, विपीन राय, लियाकत अली, सादिक अली भी टीम में शामिल रहे।