भदोही। भदोही औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) के प्रभारी मुख्य कार्यपालक अधिकारी और जिलाधिकारी विशाल सिंह मंगलवार को बीडा कार्यालय पहुंचे। इस दौरान डीएम ने बीडा मास्टर प्लान को शीघ्र लागू करने पर जोर दिया। बीडा कार्यालय में आल इंडिया कारपेट मैनुफैक्चरर्स एसोसिएशन (एकमा) के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत किया और उन्हें उद्योग की समस्याओं से अवगत कराया।
लगभग तीन बजे बीडा दफ्तर पहुंचे डीएम ने पहले बीडा के मातहतों के साथ बैठक की और संचालित बीडा की योजनाओं की जानकारी ली। प्रभारी अधिशासी अभियंता आरडी भारती ने उन्हें आवश्यक जानकारी दी और मास्टर प्लान लागू होने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। डीएम ने मास्टर प्लान को गंभीरता से लिया और इसे शीघ्र लागू करने पर जोर दिया। इस बीच एकमा पदाधिकारी और प्रमुख कालीन उद्यमी भी बीडा कार्यालय पहुंचे और डीएम को उद्योग की मौजूदा समस्याओं से अवगत कराया। वरिष्ठ उद्यमी सूर्यमणि तिवारी ने बताया कि अपनी कालीनों के चलते विश्व भर में प्रसिद्ध भदोही को ढांचागत रूप से सुदृढ़ किए जाने की आवश्यकता है। जिलाधिकारी ने कालीन उद्योग और उद्यमियों को समस्याओं का निदान प्राथमिकता से कराने का भरोसा दिया है। इस दौरान वासिफ अंसारी, असलम महबूब, राजेश कुमार, शमीम अंसारी, आलोक बरनवाल, इफ्तिखार अहमद, इम्तियाज अहमद, श्रीराम मौर्य, पीयूष बरनवाल, जयप्रकाश गुप्ता मौजूद रहे।
-
क्या है बीडा का मास्टर प्लान
भदोही औद्योगिकी विकास प्राधिकरण नगर के ढांचागत विकास को लेकर मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। इसमें बीडा की ओर से पार्क, आवासीय, औद्योगिक आदि के स्थान पहले से तय है। इसके लिए मास्टर तैयार हो रहा है। जिससे सुव्यस्थित तरीके से बीडा क्षेत्र का औद्योगिक व आवासीय विकास हो सकेगा।