ज्ञानपुर। औराई ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय उगापुर में शनिवार को डीएम गौरांग राठी ने स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया। गोद लिए गांव में पहुंचे जिलाधिकारी ने बच्चों से बात की तो बच्चों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उत्साहित बच्चों ने उन्हें कठिन मेहनत से पढ़ाई करने का भरोसा दिया। स्मृति चिन्ह भेंट कर बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह ने डीएम को सम्मानित किया। डीएम ने बच्चों से कई सवाल पूछे। सही जवाब मिलने पर उनका उत्साहवर्द्धन किया। बच्चों संग जिले के मुखिया ने करीब डेढ़ घंटे तक समय व्यतीत की। दीपावली क्यों मनाया जाता है, यह नौनिहालों से पूछा तो बच्चों ने सही जवाब दिया। बच्चों द्वारा बनाए गए रंगोली को अवलोकन कर डीएम ने उनका उत्साह बढ़ाया। कहा कि मेहनती बच्चों को हर सफलता मिलती है। शिक्षक का दायित्व बनता है कि वह नौनिहालों को ऐसा पढ़ाएं कि बच्चे अपने परिजनों व विद्यालय का नाम रोशन करें। स्मार्ट क्लास का संचालन होने से बच्चों को पढ़ाई करने में काफी आसानी होगी।