राष्ट्रीय पोषण माह के तहत बुधवार को जिला पंचायत कार्यालय से जागरूकता रैली को डीएम आर्यका अखौरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि गर्भवती, धात्री और महिलाओं में कुपोषण एक गंभीर समस्या है। बेहतर खानपान न होने से उनके अंदर खून की कमी हो जाती है। जिससे तमाम प्रकार की बीमारी से वह ग्रसित हो जाती हैं। उन्होंने बथुआ, पालक, नीबू, आम, आंवला, अमरूद आदि के सेवन पर जोर दिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू वर्मा ने कहा कि पोषण माह के पहले सप्ताह में आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों, पंचायत भवन संग सरकारी भवनों की खाली भूमि पर पोषण वाटिका विकसित करने के लिए पौधरोपण होगा। दूसरे सप्ताह में गर्भवती महिलाओं, बच्चों एवं किशोरियों के लिए योगा सेशन और उसके बाद पोषण वाटिका, योगा सेशन, न्यूट्रीशियन किट का वितरण होगा। इस मौके पर डीपीआरओ बालेशधर द्विवेदी, गुलाब पाल आदि रहे।