ज्ञानपुर। सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों की लेटलेतीफी रोकने के लिए बृहस्पतिवार को भी जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद और मुख्य विकास अधिकारी विवेक त्रिपाठी ने निरीक्षण किया। डीएम कृषि भवन घरांव पहुंचे तो सीडीओ औराई ब्लॉक धमके। दोनों स्थानों पर कुल 19 कर्मचारी गैर हाजिर रहे। सभी से स्पष्टीकरण मांगने के साथ ही भविष्य के लिए चेतावनी दी गई।
जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद सुबह 10 बजे कृषि भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी पटल को देखा। उपस्थित पंजिका देखा तो पता चला कि अवधेश कुमार, आफताब अहमद, अजित कुमार सिंह, वीरेंद्र कुमार मौर्या, हसन आलम अनुपस्थित रहे। डीएम ने स्पष्टीकरण देने के लिए कहा। उप निदेशक कृषि को निर्देश दिया कि कर्मचारियों की लेटलतीफी में सुधार लाएं अन्यथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी विवेक त्रिपाठी ने औराई ब्लॉक का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में पता चला कि अखिलेश कुमार अवर अभियंता लघु सिंचाई, तकनीकी सहायक अनिल कुमार सिंह, भुनेश्वर नाथ पांडेय, भोलनाथ यादव, इंद्रभूषण शुक्ला, ज्ञानप्रकाश यादव, जितेंद्र कुमार, आजाद अहमद, राकेश कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार, रविंद्रनाथ श्रीवास्तव, एमए सिद्दीकी, रमेश चन्द्र सिंह, महमूद खां गैर हाजिर रहे। बीडीओ को निर्देशित किया कि सभी 14 कर्मचारियों का अनुपस्थिति तिथियों का स्पष्टीकरण प्राप्त कर अपनी आख्या एक सप्ताह में प्रस्तुत करें।