औराई। डीएम शैलेष कुमार ने सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। छात्राओं से संवाद कर उन्हें शैक्षणिक, नैतिक और आत्म विकास से जुड़ी प्रेरणाएं दीं। विद्यालय परिसर, कक्षाओं, छात्रावास और भोजनालय सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्राओं से उनकी पढ़ाई, पाठ्यक्रम की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति तथा छात्रावास की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित न रहते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि बेटियां ही देश का भविष्य हैं और इन्हें बेहतर शिक्षा और संस्कार देकर हम राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। डीएम ने भोजनालय में निर्धारित मेन्यू के अनुसार परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। छात्राओं से कहा कि शिक्षा के साथ-साथ अनुशासन, समय का प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि वे कठिन परिश्रम और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। इस मौके पर बीएसए शिवम पांडेय आदि रहे।