ज्ञानपुर। जिले में दूसरे चरण में 17 अप्रैल से नगर निकाय के लिए नामांकन शुरू हो जाएगा। जिसके मद्देनजर मंडलायुक्त डॉ. मुथु कुमार स्वामी और जिला निर्वाचन अधिकारी गौरांग राठी ने नामांकन स्थल, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल का जायजा लिया। जरूरी सुविधाओं को जल्द पूर्ण कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया। मंडलायुक्त अधिकारियों संग मतगणना स्थल इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम संग मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। मतगणना कक्ष ,स्ट्रांग रूम एवं वहां पर कार्मिकों एवं मतगणना एजेंट को आने जाने की व्यवस्थाओं से संबंतिधत रूट चार्ट तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिये बैरीकेटिंग, कंट्रोलरूम आदि का जायजा लिया। स्ट्रांग रूम, मतगणना स्थल ,नामांकन स्थल, मतदान केंद्रों, बूथों का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि नगर पालिका परिषद भदोही, नगर पंचायत सुरियावां व नगर पंचायत नई बाजार इन तीनों निकायों का स्ट्रांग रूम व मतगणना स्थल श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज को बनाया गया है। कहा कि नामांकन कक्ष के आसपास अनुमन्य व्यक्ति ही प्रवेश कर सकें। इसके लिये भी व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है।
मंडलायुक्त ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि समय से पूर्व स्ट्रांग रूम और मतगणना कार्य के दृष्टिगत बैरिकेटिग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कर ली जाए। मुख्य विकास अधिकारी यशवंत कुमार सिंह ने कार्मिकों के प्रशिक्षण के तैयारियों के संबंध में मंडलायुक्त व जिला निर्वाचन अधिकारी को विस्तृत जानकारी दी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने तीनों तहसील परिसर में प्रपत्र क्रय एवं नामांकन के दृष्टिगत आने वाले प्रत्याशियों के लिये व्यवस्था, पार्किंग, बैरीकेटिंग, सुरक्षा व्यवस्था आदि का ब्लूप्रिंट दिखाया। इस मौके पर उप जिलाधिकारी कृपा शंकर पांडेय, आकाश कुमार आदि रहे।
ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय को विश्वविद्यालय बनने की उम्मीद भी जगने लगी है। शनिवार को मंडलायुक्त डॉ. मुथु कुमार स्वामी ने हास्टल चौराहे के समीप आर्यभट्ट छात्रावास परिसर में जमीन की पैमाइश कराई। एडीएम कुंवर बृजेश कुमार मौर्य, एसडीएम आकाश कुमार, प्राचार्य डॉ. पीएन डोंगरे से जरूरी जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि मंडल में विश्वविद्यालय का निर्माण होना है। शासन के निर्देश पर सोनभद्र, मिर्जापुर और भदोही में जमीन की तलाश की जा रही है।