जनपद के कोनिया क्षेत्र के धनतुलसी डेंगुरपुर गंगा में पानी की अधिकता और तेज धारा के चलते धनतुलसी डेंगुरपुर पीपा पुल के निर्माण में व्यवधान उत्पन्न हो गया है। पीपा पुल काफी महत्वपूर्ण है। शादी विवाह के सीजन में पीपा पुलों की उपयोगिता काफी अधिक बढ़ जाती है। गंगा पार मांडा क्षेत्र की सौ किमी की दूरी काफी अधिक सिमट जाती है।
कोनिया क्षेत्र के इस पीपा पुल के निर्माण से जनपद सीधे प्रयागराज के मांडा रोड स्टेशन से जुड़ जाता है। साथ ही मध्य प्रदेश की दूरी भी घट जाती है। लेकिन वर्तमान में गंगा में पानी काफी अधिक और गंगा की धारा भी काफी तेज है। ऐसे में नजदीकी समय में पीपा पुल के निर्माण में विलंब होना स्वाभाविक दिख रहा है। हालांकि लोक निर्माण विभाग भदोही और ठेकेदार पीपा पुल के निर्माण की कवायद में लगे हैं। अवर अभियंता वीबी सिंह और ठेकेदार विमल पांडेय ने बताया कि गंगा में पानी की अधिकता और तेज धारा के कारण निर्माण कार्य में देरी हो रही है।