कौलापुर। गोपीगंज के बिहरोजपुर गांव में मकर संक्रांति पर्व पर लगे मेले में दो पक्षों में विवाद हो गया। इसमें एक पक्ष से पिता-पुत्र व दूसरे पक्ष से एक युवक घायल हो गया। दूसरे पक्ष के घायल युवक ने चाकू से वार करने का आरोप लगाया है। अजित कुमार (23) निवासी घनश्यामपुर बिहरोजपुर में पर्व पर लगे मेले में पत्नी और बहनों के साथ गया था। आरोप है मेले में कुछ युवकों बहन और पत्नी के साथ अभद्रता किया। इसका विरोध करने पर नाराज मनबढ़ युवक घर वापस लौटते समय रास्ते में रोककर लाठी डंडे से मारपीट कर घायल कर दिए। आरोप है कि बीच बचाव करने पहुंचे पिता हीरालाल (42) को भी मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों ने सीएचसी गोपीगंज में उपचार कराया। जहां से दोनों को रेफर कर दिया गया। दूसरे पक्ष से साहिल निवासी खालिया सुजातपुर घायल है। आरोप है कि विपक्षियों ने उन्हें पीछे से पीठ पर चाकू से वार किया। उसे सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले ज्ञानपुर, उसके बाद वाराणसी ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक शैलेश राय ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।