गोपीगंज। कोतवाली के प्रमुख मार्ग आनापुर रेलवे फाटक गेट नंबर 40सी के बंद हो जाने के बाद दूसरे दिन शुक्रवार को भी तिलंगा, आनापुर के ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अंडरपास बनवाने की मांग के लिए ग्रामीणों ने आवाज मुखर की। कहा कि यदि अंडर पास नहीं बनाया गया, तो 2024 के लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। फाटक बंद होने से बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कतें होती हैं।
आनापुर स्थित गेट संख्या 40सी को बुधवार रात्रि में बंद कर दिया गया। जिसको लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने अंडरपास की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। दूसरे दिन शुक्रवार को भी कई गांव के लामबंद आक्रोशित ग्रामीणों के द्वारा रेलवे के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों की मांग रही कि आनापुर फाटक के पास अंडरपास का निर्माण शीघ्र कराया जाए। क्योंकि यह पांडव कालीन मंदिर बाबा तिलेश्वर नाथ धाम, गुलौरी घाट, चतुर्मुखी घाट, रामपुर गंगा घाट, बाबा सेमराध नाथ आदि सहित अनेक गांव को जाने आने का मार्ग है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अंडर पास नहीं बनता, तो ग्रामीण रेलवे ट्रैक पर सोकर धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि यदि अंडरपास नहीं बना, तो 2024 के लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे। जिसकी जिम्मेदारी रेलवे की होगी। ग्रामीणों ने कहा सभी गांव के छोटे-छोटे बच्चें जिनका विद्यालय रेलवे के दूसरी तरफ है। उन्हें विद्यालय आने-जाने में दिक्कतें होती है, समय ज्यादा लगता है। ऐसी स्थिति में बच्चें यदि रेलवे ट्रैक पैदल पार करते हैं, तो किसी भी प्रकार का हादसा घटित हो सकता है। प्रदर्शन कर रहे जटा शंकर पांडेय, शिवशंकर दुबे, राकेश पांडेय, कृष्णकांत पांडेय, कृष्ण कुमार मिश्रा, प्रदीप दुबे, सौरभ पांडेय, दीपक तिवारी, अनुज कुमार दुबे, कट्टर दुबे, शिवचंद दुबे, नाइ समाज के जिलाध्यछ ब्रम्हदेव शर्मा आदि मौजूद रहे।