सुरियावां/सर्रोई। बरसात का क्रम रुकने के बाद भी नगरीय और बाजारीय क्षेत्रों में सड़कों पर जम चुके गंदे पानी की निकासी नहीं हो सकी है। पानी न निकलने के कारण आवागमन दुश्वार बना है। दुर्गंध से भी तरह-तरह की संक्रामक बीमारियों की चपेट में आने की आशंका लोगों को सता रही है। समय रहते जिम्मेदारों ने समस्या का समाधान नहीं कराया तो लोगों का गुस्सा भड़कने में देर नहीं लगेगी। सुरियावां नगर पंचायत के वार्ड नंबर सात इंदिरा नगर में चौक और नेहरू नगर का पानी जमाव लेकर परेशानी बढ़ा दिया है। पैदल हो या वाहन चालक सभी पानी के बीच चलने से अब कतराना शुरु कर दिए हैं। नगर प्रशासन लाखों खर्च करने के बाद भी बरसात के दिनों में पानी घरों में घुसने को बेताब पानी को निकालने की व्यवस्था नहीं करा पा रहा है जो नाराजगी का बड़ा कारण भी बन रहा है। उसी मार्ग से शिक्षण संस्थान, अस्पताल, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के चलने से लोगों को सांस लेना मुश्किल हो रहा है। राजकुमार, जतन, सुरेंद्र, रमेश, राहुल, अंकित, रवि ने चेतावनी दिया है कि यदि नगर प्रशासन जलनिकासी की समस्या का समाधान नहीं कराएगा तो लोग सड़क पर उतरने के लिए बाध्य होंगे। इसी क्रम में सर्रोई बाजार में भी जलजमाव नासूर बनकर लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। औराई-भदोही मुख्य मार्ग चौड़ीकरण के कारण पूर्व में बनाई गई नालि यां क्षतिग्रस्त अवस्था में पहुंच चुकी हैं जो चोक होकर समस्या बढ़ा रही हैं। यह कोई एक दिन की बात भी नहीं चार वर्षों से लोग जलालत झेल रहे थे। सब कुछ जानते हुए भी जिम्मेदार कोई कदम न उठाकर जनाक्रोश भड़काने का काम कर रहे हैं। रजपुरा कॉलोनी से लेकर मोरवा नदी तक नाला का अभाव सभी को सता रहा है। समाज सेवी जाबिर बाबू, सुजीत चौधरी, लल्लू पांडेय, शमशेर अली, नूर आलम, सलीम अंसारी, संजय गुप्ता, सुभाष गुप्ता आदि प्रशासन समेत जनप्रतिनिधियों का भी ध्यान उक्त समस्या की ओर आकृष्ट कराया है।