नागरिकों ने कहा कि एक सप्ताह में पेयजल आपूर्ति को दुरुस्त नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। वक्ताओं ने जान बूझकर गंदे पेयजल आपूर्ति की समस्या का निदान न करने का आरोप लगाया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान नागरिकों ने बताया कि नगर के वार्ड नंबर 11 और दुर्गागंज रोड़ समेत कई वार्डों में नालियां क्षतिग्रस्त होने की वजह से पेयजल पाइप में गंदा पानी पहुंच जा रहा है।
पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से नगर के अधिकांश हिस्सों के लोगों को गंदा पानी पीने के लिए विवश होना पड़ रहा है। इसकी जानकारी देने के बाद भी विभाग की ओर से इसके लिए कोई कारगर पहल नहीं की गई।
यहां तक कि इस पाइप से आपूर्ति होने वाले गांव के लोगों को भी गंदा पेयजल मिल रहा है। बताया कि सड़क निर्माण से कुछ जगहों पर पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इसके चलते भी यहां पर गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है।
नागरिकों ने नगर और जिला प्रशासन से तत्काल पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन को दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि उन्हें पेयजल के चलते होने वाली समस्याओं का निदान हो सके। प्रदर्शन करने वालों में सुरेशचंद उपाध्याय, अरुण उपाध्याय, गुलजारी लाल, राम गोपाल पासी, भन्नान अली, कतलू, शेराऊ, आनंद उपाध्याय, हरिश्चंद दुबे, राजेश बिंद, संतोष, सुरेश कुमार आशीष आदि शामिल रहे।