ज्ञानपुर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के चुनाव की तस्वीर शुक्रवार को साफ हो गई। नाम वापसी में किसी ने भी पर्चा वापस नहीं लिया। इससे अब अध्यक्ष के लिए सीधे दो प्रत्याशियों में मुकाबला होगा तो महासचिव के लिए चार प्रत्याशियों के बीच घमासान तय है। कोषाध्यक्ष के लिए एकमात्र प्रत्याशी होने से निर्विरोध निर्वाचन होना है।
डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर एक जनवरी से निर्वाचन की प्रक्रिया चल रही है। अध्यक्ष, महासचिव समेत विभिन्न पदों के लिए बुधवार तक नामांकन हुआ। बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच में पांच पर्चे खारिज हुए। शुक्रवार को नाम वापसी को लेकर एल्डर्स कमेटी के सदानदं यादव समेत अन्य सदस्यों ने तय समय तक प्रत्याशियों का इंतजार किया लेकिन कोई नाम वापसी के लिए नहीं पहुंचा। अध्यक्षी के लिए अब धीरज शुक्ला और रामचंद्र पांडेय के बीच जहां सीधा मुकाबला होगा वहीं महासचिव के लिए प्रत्याशी आपस में जोर आजमाईश करेंगे। एल्डर्स कमेटी के सदस्य मोहन लाल मिश्र ने कहा कि किसी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया। कोषाध्यक्ष पद पर अब एक प्रत्याशी होने से निर्विरोध निर्वाचन होगा लेकिन उसकी घोषणा निर्वाचन के बाद होगी। प्रत्याशियों की तस्वीर साफ होने के बाद बार का माहौल गर्म हो गया है। प्रत्याशी अपनी जीत के लिए अधिवक्ताओं के पास पहुंच रहे हैं। मठाधीशों से मिलकर अपनी जीत के लिए गुरूमंत्र भी लिया जा रहा है।