सौ शय्या अस्पताल में खराब पड़ी डिजिटल एक्सरे मशीन। संवाद
सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल के ओपीडी भवन में करीब डेढ़ साल से डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब है। इसकी मरम्मत के लिए दिसंबर 2025 में शासन से 20 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। तीन महीने बाद भी एक्स-रे मशीन की मरम्मत नहीं कराई। इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
जिले के सौ शय्या अस्पताल में अगस्त 2024 में बिजली गिरने के कारण एक्स-रे मशीन खराब हुई थी। जिसे दुरुस्त कराने के लिए अस्पताल प्रशासन की तरफ से तीन से बार पत्राचार किया गया। दिसंबर 2025 में एक्स-रे मशीन दुरुस्त करने के लिए लखनऊ विद्युत एडी विभाग ने 20 लाख की राशि तकनीकी मद में स्वास्थ्य विभाग को दी।
यह जिले का पहला अस्पताल है, जहां दो डिजिटल एक्स-रे मशीन है। अस्पताल में रोजाना करीब 500 मरीजों की ओपीडी होती है। इसमें 50 मरीज हड्डी की बीमारी से ग्रसित रहते हैं।
इसमें से 15 से 20 मरीजों को एक्स-रे की जरुरत पड़ती है। ओपीडी भवन में व्यवस्था न होने के कारण मरीजों को परिसर के टीबी अस्पताल में एक्स-रे कराने के लिए जाना पड़ता है। जिला अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी के भी मरीज एक्स-रे कराने आते हैं। सौ शय्या के टीबी अस्पताल की डिजिटल एक्सरे मशीन पर ही जिला अस्पताल और सौ शय्या दोनों अस्पतालों की जिम्मेदारी है। दोनों अस्पतालों को मिलाकर हर दिन 1200 से 1300 मरीजों की ओपीडी होती है। जिसमें हर दिन 150 से अधिक लोगों को डिजिटल एक्स-रे की जरूरत होती है।