उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ महासभा की मंगलवार को प्राथमिक विद्यालय जंगीगंज में बैठक हुई। इसमें प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से सोमवार को डीघ ब्लाक की घोषित चुनाव परिणाम का विरोध जताया।
चुनाव परिणाम को संगठन की मनमानी करार दिया। शिक्षकों के शपथ ग्रहण को सर्वसम्मति से निरस्त करते हुए इसकी निंदा की गई। अध्यक्ष की कार्यप्रणाली और तानाशाही रवैये को असंवैधानिक बताया गया। कहा कि दो मई को ब्लाक इकाई डीघ के चुनाव को पर्यवेक्षक ने फर्जी मतदान को लेकर निरस्त कर दिया था।
चुनाव निरस्त करने की कार्यवाही पंजिका पर अंकित भी किया गया है। संगठन के पूर्व अध्यक्ष राजबली उपाध्याय ने बताया कि पर्यवेक्षक ने लिखित रूप से प्रत्याशियों को प्रमाणपत्र भी दिया है। 18 मई को फर्जी तरीके से अध्यक्ष एवं मंत्री ब्लाक डीघ को घोषित कर शपथ भी दिलाया गया।
इसको लेकर डीघ ब्लाक के शिक्षकों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक ही पथ भ्रष्ट हो जाएंगे तो काफी दिक्कत होगी। उन्होंने कहा कि इस मामलेे को प्रदेश अध्यक्ष लल्लन मिश्र के सामने रखा जाएगा। जिला स्तरीय एवं डीघ ब्लाक का चुनाव प्रदेश स्तर से नियुक्त पर्यवेक्षक की देखरेख में कराने की मांग की गई। विरोध जताने वालों में कमलेश यादव विनोद शुक्ल, कैलाश सिंह, जवाहर पांडेय, इंदूचंद्र पांडेय, विनय मिश्र, सुभाष यादव, श्याम मोहन दूबे, अमृतलाल, रामकीर्तन सिंह, सुरेश चंद्र पांडेय आदि रहे।