ज्ञानपुर। बीसी सखियों को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए उन्हें बायोमेट्रिक डिवाइस वितरित की जा रही है। मंगलवार को विकास भवन के एनआरएलएम(राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन) कार्यालय में उपायुक्त स्वरोजगार श्यामजी ने डिवाइस का वितरण किया। उन्होंने कहा कि बीसी सखी इन मशीनों से अपने गांव के किसी भी व्यक्ति को आवश्यकता पड़ने पर उनके आधार कार्ड से पैसा निकाल कर देंगी। इस कार्य के लिए उनको कमीशन भी मिलेगा। प्रति ट्रांजेक्शन कमीशन की दर भी निर्धारित की गई है, जो हमेशा उनको मिलती रहेगी। शुरूआत में उनको आर्थिक दिक्कत न हो, इसके लिए सरकार ने छह माह तक मानदेय देने का भी प्रावधान किया है।