भदोही। जमीन पैमाइश के नाम पर रिश्वत लेते रंगेहाथ धराए लेखपाल शैलेश यादव को निलंबित कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी भदोही शिव प्रकाश ने बुधवार को यह कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मिर्जापुर एंटी करप्शन की टीम ने भदोही के डुड़वा कुकरौठी निवासी दुर्गाशंकर यादव की शिकायत के बाद मंगलवार की दोपहर भदोही तहसील के पास रिंग मार्केट के समीप से आरोपी लेखपाल को रंगेहाथ गिरफ्तार किया था। शिकायकर्ता ने आरोप लगाया था कि लेखपाल जमीन पैमाइश के नाम पर उनसे 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं। टीम ने आरोपी लेखपाल के खिलाफ औराई कोतवाली में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। लेखपाल भदोही तहसील के कारपेट सिटी क्षेत्र में तैनात थे।