औराई विकास खंड के जाठी गांव के ग्रामीणों ने तालाब से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। साथ ही डीएम को ज्ञापन सौंप कार्रवाई की मांग की। कहा कि कुछ मनबढ़ किस्म के लोगों ने तालाब पर अवैध कब्जा कर लिया है। तहसील स्तर पर कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। अतिक्रमण शीघ्र नहीं हटा तो ग्रामीण अनशन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर फूलचंद सरोज, जेपी सिंह, पंकज तिवारी, योगेश सरोज, आलोक, रामधारी, सुनील, सोनू, चंदन, लल्लू आदि रहे। इसी तरह सुरियावां विकास खंड के कुसौड़ा के ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन कर गलत तरीके से गांव में हुए पट्टा आवंटन को निरस्त करने की मांग की। पत्रक में कहा कि राजस्व विभाग की कृपा से मंदिर, पंचायत भवन सहित सरकारी संपत्ति स्थलों की जमीन को भी पट्टा कर दिया गया। इस मौके पर रेखा देवी, सीता, जगदीश, रामनरेश आदि रहे।