धार्मिक स्थल के समीप शराब की दूकान के विरोध में रविवार को नगर के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दूकान को धार्मिक स्थल से दूर हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने इस समस्या से जिलाधिकारी को भी अवगत कराया।
राजमार्ग से शराब की दूकान स्थानांतरित होते ही नया बखेड़ा खड़ा हो गया। नगर की एक अंग्रेजी शराब की दूकान को शिफ्ट कर केड़वरिया में स्टेशन के करीब खोल दिया गया है। शराब की दूकान मंदिर के सामने खोले जाने से आसपास के लोग आग बबूला हो गए। नाराज नागरिकों ने दूकान के सामने पहुंचकर प्रदर्शन किया। विरोध जताने के बाद जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर दूकान हटवाने की मांग की। प्रदर्शन करने पहुंचे नागरिकों ने बताया कि अंग्रेजी शराब की दूकान को शिफ्ट करने के बाद उसे कहीं और न ले जाकर मंदिर के सामने ही खोल दिया गया है। इसका मंदिर आने वाले भक्तों पर भी विपरीत प्रभाव पड़ेगा। दूकान खुलने की खबर लगते ही सुबह के समय बड़ी संख्या में क्षेत्र की महिलाएं, बच्चे और मोहल्ले वाले पहुंच गए। इससे मौके पर राहगीरों की भी भारी भीड़ जुट गई। धर्मेद्र द्विवेदी के नेतृत्व में प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे नागरिकों ने चेतावनी दी कि उक्त दूकान को तत्काल यहां न हटाया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इसके लिए जिला प्रशासन को दूकान हटवाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। अनशन करने की भी चेतावनी दी है। प्रदर्शन करने वालों में हंसराज यादव, रविंद्र यादव, जयराम यादव, अजय कुमार, गौतम वनवासी, पारस अग्रवाल, पन्नालाल बिंद, संदीप कुमार मौर्य, महेश कुमार, शनि, जैन, विनोद बिंद, अजय कुमार, जयराम, जितेंद्र कुमार बिंद आदि लोग रहे।