कंदवा। क्षेत्र के पई गांव में शुक्रवार को क्षेत्रीय लोगों की बैठक स्थित ठाकुरवाड़ी पर पूर्व प्रधानाध्यापक रमेश राय की अध्यक्षता में हुई। इसमें धीना से पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर रेलवे स्टेशन जाने के लिए दोपहर के 12 बजे से लेकर शाम में पांच बजे तक किसी भी ट्रेन का ठहराव नहीं होने पर चिंता व्यक्त की गई। लोगों ने धीना स्टेशन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस, सिकंदराबाद एक्सप्रेस या ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की गई।
समाजसेवी व प्रधान संघ के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभाष सिंह उर्फ अनुज सिंह ने कहा कि धीना रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, ग्रामीण ,व्यापारी और नौकरीपेशा लोग पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर आते-जाते हैं। बावजूद इसके दोपहर 12 बजे के बाद किसी ट्रेन का ठहराव नहीं होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
डॉ. संजय सिंह ने कहा कि स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं की भी कमी होने से यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अगर स्टेशन पर श्रमजीवी एक्सप्रेस, सिकंदराबाद एक्सप्रेस या ब्रह्मपुत्र एक्सप्रेस में से किसी भी एक ट्रेन का ठहराव हो जाता तो आवागमन में काफी राहत मिलती।
इस मौके पर कामेश्वर राय, अंजनी सिंह, देवेंद्र राय, प्रशांत सिंह, कृष्णानंद चौबे, प्रफुल्लचंद्र राय, धर्मेंद्र सिंह, प्रवीन सिंह आदि रहे। संचालन विनोद सिंह ने किया।