दुर्गागंज। स्थानीय ग्रामीणों ने मंगलवार को सरायकंसराय रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक सरोज को ज्ञापन सौंपा। उत्तर रेलवे के मंडल प्रबंधक को संबोधित ज्ञापन में ग्रामीणों ने स्टेशन के पास क्रॉसिंग बनवाने की मांग की है। मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ग्रामीण सुरेंद्र कुमार ने बताया कि स्टेशन के पास आजादी के पहले आने-जाने के लिए रेलवे चौकी की व्यवस्था थी। निशान आज भी मौजूद है। रेलवे के दोनों तरफ खेती होती है। किसानों को खेत में ट्रैक्टर, डीजल इंजन ले जाने व आने में असुविधा होती है। किसान जोखिम लेकर वाहन ले जाते हैं। दुर्घटना होने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी और एंबुलेंस भी नहीं पहुंच पाती है। बुलबुल मिश्रा ने कहा कि शासन को आवागमन के लिए ओवरब्रिज, रेलवे फाटक, अंडरपास में से कोई एक की व्यवस्था नहीं करना चाहिए। चुनाव से पहले आवागमन की व्यवस्था न होने पर प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। स्टेशन अधीक्षक चंद्रशेखर सरोज ने बताया कि मामले से रेलवे के उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। इस मौके पर सुरेश चंद मौर्य, राजेंद्र प्रसाद पांडेय, सुरेंद्र कुमार, मंगल मोदनवाल, हरिभान सिंह, धीरज सिंह मौजूद रहे।