सुरियावां/दुर्गागंज। नगर के एक निजी चिकित्सालय में प्रसूता की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों का आरोप था कि अस्पताल प्रशासन की लापरवाही के कारण प्रसूता की मौत हो गई। शव को लेकर कोतवाली पहुंचे दर्जनों लोगों ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुरियावां थाना क्षेत्र असईपुर निवासी रामफल मौर्य (45) की पत्नी सीमा देवी को शनिवार की सुबह प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। चिकित्सक उसे लेकर सुरियावां के एक निजी चिकित्सालय में पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने आपरेशन किया। आपरेशन के बाद उन्हें बच्ची पैदा हुई। आपरेशन के बाद जच्चा-बच्चा ठीक थे, लेकिन अचानक सीमा की हालत काफी बिगड़ गई तो चिकित्सकों ने उसे भदोही के लिए रेफर कर दिया। जहां ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। प्रसूता की मौत के बाद परिजन शव लेकर सुरियावां कोतवाली पहुंचे और चिकित्सालय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कोतवाल विपिन सिंह ने बताया कि मृतका के पति की ओर से शिकायत दर्ज कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।