वहिदानगर। कोइरौना थाना क्षेत्र के पयासीपुर खेदौपुर निवासी रवि शंकर मिश्र के 23 वर्षीय पुत्र राजू की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार राजू मुंबई में रहकर नौकरी करता था। सूरत में इसकी एक बहन की शादी हुई थी। मंगलवार को वह अपनी बहन से राखी बंधवाने के लिए सूरत जा रहा था। किराया बचाने के लिए एक पहचान के व्यक्ति के ट्रक पर बैठकर सूरत के लिए रवाना हुआ। वह सूरत पहुंचने ही वाला था कि दूसरे ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में राजू की मौके पर ही मौत हो गई।
राजू की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। दो भाई और दो बहनों में सबसे बड़े राजू पर परिवार की काफी जिम्मेदारियां थी। उसकी मौत से परिवार को गहरा सदमा लगा है। मौत के बाद उसके पिता व छोटा भाई उसके शव लेने अहमदाबाद रवाना हो गए हैं। राजू अभी अविवाहित था।