लालानगर। पूर्वोत्तर रेलवे के ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर स्थित आनापुर पौधशाला के पास बृहस्पतिवार की सुबह एक वृद्ध का शव मिला। जेब में मिले आधार कार्ड और पानीपत से दिल्ली के रेलवे टिकट से उसकी शिनाख्त दशरथ लाल कुन्नू (60) पुत्र हजारी निवासी सिलौटा सिसई-बहराइच के रूप में हुई।
दशरथ लाल परिवार सहित पानीपत में रहकर मजदूरी का काम करता था। उसका शव यहां आनापुर पौधशाला के समीप मिला। पुलिस ने तलाशी ली तो उसके पास पानीपत से दिल्ली तक का टिकट मिला। इससे असमंजस और बढ़ गया कि आखिर किन परिस्थितियों में वह ज्ञानपुर रोड पहुंच गया। वन विभाग के कर्मचारियों का कहना था कि भोर में उसे कांपते हुए वहां देखा गया था। लेकिन, थोड़ी ही देर में वह लेट गया। आशंका जताई जा रही है कि किसी बीमारी के कारण उसकी मौत हो गई होगी। गोपीगंज चौकी इंचार्ज सुशील तिवारी ने शव को कब्जे में लेते हुए उसके सामान को सुरक्षित रखवाया। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
जहरखुरान गिरोह की करतूत तो नहीं...
ज्ञानपुर। मंडुआडीह-इलाहाबाद सिटी रेलखंड पर काफी दिनों से जहरखुरान गिरोह की सक्रियता के कारण दशरथ लाल की मौत को भी उससे जोड़कर भी देखा जा रहा है। लोगों ने गिरोह की हरकत होने की आशंका भी जताई है। बता दें कि पूर्व के दिनों में चौरीचौरा, विभूति एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस, पटना-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, एर्नाकुलम एक्सप्रेस, जबलपुर एक्सप्रेस समेत फेरा लगा रहीं तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेनों में दर्जन भर से अधिक यात्री जहरखुरान गिरोह का शिकार हो गए।