लालानगर। गोपीगंज क्षेत्र के चकमना चक-निरंजन गांव निवासी युवक के नोएडा में आत्महत्या करने के बाद बृहस्पतिवार को शव यहां घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। घर वाले दहाड़े मारकर बिलखने लगे। घर वालों ने हत्या की आशंका जताई है। उल्लेखनीय है कि गोपीगंज निवासी युवक नोएडा में मदर डेयरी में सुपरवाइजर का काम करता था।
रमेश यादव (28) पुत्र राजेंद्र यादव नोएडा में रहकर मदर डेयरी में सुपरवाइजर का काम करता था। सेक्टर 49 आगाहपुर में वह किराए का कमरा लेकर रहता था। 21 जनवरी की रात में उसका शव पंखे से लटकता हुआ मिला था। बृहस्पतिवार को शव घर पहुंचने पर मां-बाप, पत्नी और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हो गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर नोएड पुलिस से जांच की मांग की। परिजनों का कहना था कि बेहद सीधे स्वभाव का रमेश आखिरकार आत्महत्या कैसे कर सकता है। मृतक की शादी पांच वर्ष पूर्व हुई थी और उसे एक छह माह की पुत्री भी है। सहायक पुलिस उपायुक्त नोएडा विमल सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने पर ही सच्चाई सामने आ सकेगी। मृतक के घर शोक संवेदना जताने वालों की भारी भीड़ जुटी रही।