जिला चिकित्सालय में मचलों की पिटाई से बेहोश महिला का उपचार करते चिकित्सक।
- फोटो : amat ujala
ज्ञानपुर/गोपीगंज। विंध्याचल दर्शन के बाद इलाहाबाद जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहीं राजस्थान के एक परिवार की दो महिलाओं (ननद-भाभी) के साथ बुधवार को ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन पर दिनदहाड़े दरिंदगी हुई। दोपहर करीब दो बजे नशे में धुत दो बदमाशों ने प्लेटफॉर्म पर बैठीं महिलाओं के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर दोनों को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। मारपीट और बदमाशों के खौफ से एक महिला बेहोश हो गई। इस दौरान स्टेशन पर मौजूद जीआरपी के जवान तमाशबीन बने रहे।
तकरीबन एक घंटे बाद जानकारी मिलने पर पहुंची यूपी-100 की पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायल महिलाओं को अस्पताल भिजवाया। तब तक चिलचिलाती धूप में बेहोश पड़ी महिला को किसी ने वहां से हटाकर छाया में करने की भी जहमत नहीं उठाई।
राजस्थान के अलवर जिले के सदर थानाक्षेत्र का रहने वाला युवक अपनी पत्नी (26), बहन (30), बेटी (11) के साथ विंध्याचल दर्शन करने आया था। दर्शन करने के बाद बुधवार को वह परिवार के साथ इलाहाबाद जाने के लिए ज्ञानपुर रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। इसी बीच दोपहर दो बजे के आसपास नशे में धुत दो बदमाश प्लेटफॉर्म पर पहुंचे और उसकी बहन के साथ छेड़खानी करने लगे। विरोध करने पर दोनों बदमाश उस महिला को खींचते हुए प्लेटफॉर्म के बाहर ले जाने लगे। इतने में उसकी भाभी बचाने के लिए दौड़ी।
इस पर बदमाशों ने डंडे से दोनों को पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में ननद का सिर फूट गया और वह लहूलुहान हो गई, जबकि उसकी भाभी को इतना पीट दिया कि वह बेहोश हो गई। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर जीआरपी के जवान भी मौजूद थे, लेकिन वे तमाशा देखते रहे। इसी बीच किसी ने यूपी-100 को सूचना दे दी। पुलिस के आने की भनक पाकर बदमाश घटनास्थल से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस बुलाई और दोनों घायल महिलाओं को गोपीगंज सीएचसी भेजा गया। वहां से चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। तकरीबन डेढ़ घंटे तक बेहोश रहने के बाद युवक की पत्नी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान होश में आई।
मामला संज्ञान में है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की है। रेलवे पुलिस से भी संपर्क किया गया है। दोषियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाएगी।
सचींद्र पटेल, एसपी भदोही