ज्ञानपुर। समाज कल्याण विभाग की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लिए एक बार फिर नई तिथि तय कर दी गई है। 14 दिसंबर को सभी छह ब्लॉकों में सामूहिक विवाह का मेगा इवेंट आयोजित होगा। इसके लिए ब्लॉकों से आवेदन प्राप्त करने एवं उनके सत्यापन का निर्देश दिया गया। गरीब बेटियों के हाथ पीले करने के लिए सरकार मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना चला रही है। वित्तीय वर्ष में करीब 830 शादी का लक्ष्य रखा है। करीब आठ महीने से अधिक का समय बीत गए, लेकिन अब तक लक्ष्य के आधे भी शादियां नहीं हो पाई है। बलिया की घटना के बाद जांच का दायरा बढ़ने से बिचौलिये भी बैकफुट पर आ गए हैं। अब आवेदन ही कम होने लगे हैं। सितंबर में सिर्फ 46 जोड़ों का विवाह हुआ। 19 अक्तूबर को 43 और 25 नवंबर को भी सिर्फ 100 शादियां हो सकी। वित्तीय वर्ष में अब तक सिर्फ 250 के करीब विवाह कराए गए। जिसको लेकर शासन ने नाराजगी जताई। अब एक बार फिर समाज कल्याण विभाग की तरफ से मेगा इवेंट की तैयारी की जा रही है। 14 दिसंबर को ज्ञानपुर, भदोही, औराई, डीघ, सुरियावां और अभोली ब्लॉक में सामूहिक विवाह कराई जाएगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी मीना श्रीवास्तव ने बताया कि आवेदन ऑनलाइन हो रहा है। बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक शादी पर 51 हजार रुपये खर्च किए जाते हैं। इस राशि में से 35 हजार रुपये वधू के बैंक खाते में भेजा जाता है। 10 हजार रुपये से गृहस्थी का सामान खरीदकर नवविवाहित जोड़ों को बतौर उपहार दिया जाता है। छह हजार रुपये शादी के आयोजन पर खर्च होते हैं। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के लिए आवेदक को ऑनलाइन आवेदन करना होता है। योजना का लाभ पाने के लिए पहली शर्त यह है कि कन्या के अभिभावक मूल निवासी हों। शादी की तिथि तक कन्या की आयु 18 और लड़के की आयु 21 वर्ष होनी चाहिए। योजना में गरीब और निराश्रित परिवार को प्राथमिकता दी जाती है।