ज्ञानपुर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत 1.20 लाख बच्चों को निशुल्क ड्रेस, बैग, जूता, मोजा के लिए 1200-1200 रुपये की धनराशि जल्द मिलेगी। डेटा सत्यापन पूरा होने के बाद अब विभाग शासन से पैसा मिलने का इंतजार कर रहा है। माना जा रहा है कि आगामी सप्ताह में यह धनराशि जारी हो सकती है। जिले में 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय हैं। इसमें एक लाख 35 हजार बच्चे अभी तक पंजीकृत हैं। स्कूल चलो अभियान के तहत अब तक करीब 25 हजार नए बच्चों का प्रवेश हुआ है। इसके अलावा दूसरी, तीसरी, चौथी, पांचवीं से लेकर आठवीं तक के विद्यार्थियों का डेटा पहले से फीड है।
आंकड़ों के अनुसार बेसिक शिक्षा विभाग के पोर्टल पर एक लाख 20 हजार 950 प्रोन्नत बच्चों का डाटा अपलोड किया गया है। उनका सत्यापन भी किया जा चुका है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने बताया कि एक अप्रैल से सत्यापन का काम चल रहा है। अब तक एक लाख 20 हजार 950 बच्चों का सत्यापन पूरा कर लिया गया है। जल्द ही शासन से बच्चों के अभिभावकों के खाते में डीबीटी की राशि भेजी जाएगी। जिन बच्चों का आधार नंबर अभी तक नहीं मिला है उनका पैसा आने में विलंब होगा।