नगर पालिकाध्यक्ष नरगिस अतहर के पति एवं पालिका प्रतिनिधि अतहर अंसारी ने शनिवार को नगर के विकास और नागरिकों की मूलभूत समस्याओं को लेकर जिले के प्रभारी मंत्री तथा नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से लखनऊ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने प्रभारी मंत्री को पत्रक सौंपकर भदोही में संचालित नगरीय पेयजल योजना से जुड़ी समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि योजना के तहत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई है, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद कई स्थानों पर सड़कों की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है।
इससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जगह-जगह क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को असुविधा हो रही है। उन्होंने मांग की कि जल निगम के संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया जाए कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए। साथ ही जिन स्थानों पर अभी तक सड़कें दुरुस्त नहीं की गई हैं,
वहां जल्द से जल्द कार्य पूरा कराया जाए। इसके अलावा उन्होंने नगर की सड़क, नाली, जलनिकासी, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा की।