विधायक जाहिद बेग ने कहा कि भदोही जनपद के विकास भवन और जिला मुख्यालय की दूरी को कम करने की आवश्यकता है। पिछले चार वर्षों में भदोही जनपद को बहुत कुछ मिला है और उन्हीं लोगों ने दिया है जिन्होंने 22 वर्ष पूर्व जनपद को जिला घोषित किया था। आने वाले वर्षों में जिले को बस डिपो, अस्पताल और बहुत कुछ मिलेगा जो वर्तमान सरकार के एजेंडा में हैं।
वे सोशल विजन के बैनर तले जनपद स्थापना की 22वीं वर्षगांठ पर हमार भदोही नामक कार्यक्रम में बोल रहे थे। कहा कि भदोही ने 22 वर्षों में भले ही 15 वर्ष उपेक्षित रहा लेकिन बीते 4 वर्ष में भदोही को बहुत कुछ मिला है।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि उनका जल संरक्षण पर काफी जोर है।केंद्र सरकार इस पर गंभीर है। इसमें लोगों को जागरुकता का परिचय देते हुए साथ देना चाहिए। कहा कि हमें अपने आसपास के तालाबों का संरक्षण करना चाहिए।
डीएम प्रकाश बिंदु ने कहा कि भदोही जनपद संभावनाओं का जिला है। जहां फोर लेन रोड, दो दो फ्लाईओवर और कई प्रमुख सड़कों का निर्माण हुआ हो उसे विकास से अछूता नहीं कह सकते। हलांकि शिक्षा-स्वास्थ्य के क्षेत्र में बहुत कुछ किया जाना है। एसपी डा.अरविंद भूषण पांडेय ने कहा कि जनपद के लोग सहयोगी विचारधारा के हैं। मैं जनपद को अपराध मुक्त देखना चाहता हूं। यह आवश्यक इसलिए है कि तभी व्यापारी सम्मान और निडरता के साथ काम कर सकेंगे और जिला तेजी से विकास करेगा।डा.सरोज पांडेय ने संचालन किया। संजय श्रीवास्तव और महेश जायसवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। रवि पाटोदिया, सीडीओ आरपी मिश्र, आरिफ सिद्दीकी, विकास यादव ने भी संबोधित किया।