कौलापुर। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के बिहरोजपुर गांव में बृहस्पतिवार की शाम उस समय ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई, जब शिवपूजन दुबे के घर में गैस रिसाव से आग लग गई और हजारों के सामान जलकर राख हो गए। घटना में रसोई घर के चिथड़े उड़ गए और पक्के मकान की दीवारें फट गईं। किसी तरह भीड़ ने आग बुझाकर अन्य लोगों के नुकसान को बचाया।
शिवपूजन ने बताया कि शाम को महिलाएं छत के ऊपर गैस सिलिंडर से खाना बना रही थी। गैस रिसाव के चलते आग पकड़ ली। जब तक परिवार के लोग कुछ समझ पाते तब तक आग ने उग्र रूप धारण करते हुए हजारों के गृहस्थी के सामान जला दिए। आग न बुझते देख परिवार के लोग घर के बाहर आ गए। दो सिलिंडरों की आग ने रसोई घर के चीथड़े उड़ा दिए। नीचे बनी पक्की दीवारें भी कई जगह दरक गईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और समरसेबुल पंप, टूल्लू पंप, हैंडपंप आदि से आग को बुझाने में कामयाबी पाई, लेकिन आग से काफी नुकसान का सामना शिवपूजन को उठाना पड़ा। मौके पर फायर ब्रिगेड दल नहीं पहुंच सका था जबकि ग्रामीणों ने फोन पर सूचना दी थी।