ज्ञानपुर। साइबर पुलिस ने पांच व्यक्तियों के खाते से धोखाधड़ी से स्थानांतरित हुए 79 हजार रुपये को वापस कराया। पीड़ितों ने पैसा मिलने पर पुलिस का आभार जताया। गोपीगंज के जोगनिका निवासी समरजीत सिंह, पर्वतपुर के बसंतलाल, हरिपुर सुरियावां के संगमलाल बिंद, ज्ञानपुर के गोपीपुर के इकरार अहमद और देवनाथपुर के आकाश कुमार ने साइबर हेल्प लाइन नंबर 1930 और जनसुनवाई के माध्यम से प्रार्थना पत्र दिया। इसमें धोखाधड़ी से पैसा खाते से निकलने की शिकायत की। साइबर पुलिस ने शाखा प्रबंधक से संपर्क कर खाते की निकासी पर रोक लगवाते हुए खाता धारक से संपर्क किया। पीड़ितों के खाते में 50 हजार, 10 हजार, दो हजार, छह हजार और 11 हजार वापस कराया। निरीक्षक श्याम बहादुर यादव ने कहा कि साइबर फ्रॉड होते ही तत्काल 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करने पर पुलिस काम शुरू कर देगी। हिदायत दिया कि किसी अंजान व्यक्ति के कहने पर कोई ऐप डाउनलोड न करें, वर्क फ्रॉम होम, शेयर ट्रेडिंग करने से पहले संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर ही उपयोग करें । अज्ञात व्यक्ति और अज्ञात मोबाइल नंबर से भेजी गई लिंक पर क्लिक न करें। संवाद